समथर पुलिस का बड़ा खुलासा, दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, छह चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
झाँसी जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना समथर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
समथर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
यह कार्यवाही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई है।
चलिए आपको बताते हैं, क्या है पूरा मामला और कैसे पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।

जनपद झाँसी में अपराध नियंत्रण को लेकर झाँसी पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में दिनांक 10 फरवरी 2026 को थाना समथर पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान दबोह बॉर्डर के पास बने ढाल के समीप से दो संदिग्ध युवकों को एक मोटरसाइकिल के साथ रोका गया।
पूछताछ में युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
शशिकान्त पुत्र बुद्धप्रकाश, उम्र 22 वर्ष
और
विशाल सिंह पुत्र करन सिंह, उम्र 21 वर्ष,
निवासी ग्राम व थाना शाहजहाँपुर, जनपद झाँसी के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि इनके कब्जे से बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल कस्बा समथर से चोरी की गई थी, जिसका पंजीकरण नंबर UP93 BL 0674 है।
इस संबंध में थाना समथर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा जब अभियुक्तों से गहन और कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अन्य स्थानों से चोरी की गई पांच और मोटरसाइकिलों की जानकारी दी।
अभियुक्तों की निशानदेही पर पारस गांव के जंगल से कुल पांच अतिरिक्त चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद मोटरसाइकिलों में
हीरो HF डीलक्स,
हीरो स्प्लेंडर प्लस
और बजाज प्लेटिना
जैसी बाइक शामिल हैं, जिनके इंजन और चेसिस नंबर ई-चालान एप के माध्यम से सत्यापित किए गए।
इन सभी मोटरसाइकिलों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किया गया था।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध थाना समथर पर अलग मुकदमा पंजीकृत करते हुए पूर्व में दर्ज मुकदमे में भी धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पूरे मामले में थाना समथर पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिसमें थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत, उपनिरीक्षक गंभीर सिंह, रामशरण, तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और विधिक कार्रवाई जारी है।
झाँसी पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








