स्टोरी मेरठ–
आस्था का सैलाब और खाकी का पहरा, शॉप्रिक्स मॉल से शताब्दी नगर तक ‘भगवा तूफान’, सुरक्षा में चट्टान बनी मेरठ पुलिस,,, भगवान परशुराम के नाम पर हुङदंग काटने वालों पर लेडी सिंघम की कड़ी चेतावनी….
“मेरठ के परतापुर में आस्था और शौर्य का वो नजारा दिखा, जिसने इतिहास के पन्नों में अपनी जगह बना ली है। गौरव पाराशर, डॉ. अंकुर और दीपांशु शर्मा के नेतृत्व में भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शॉप्रिक्स मॉल से शुरू हुए इस सैलाब ने जब रफ्तार पकड़ी, तो पूरा शहर भगवामय हो गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने भी शिरकत कर शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई। लेकिन इस भारी भीड़ के बीच सुरक्षा का ऐसा ‘चक्रव्यूह’ था कि परिंदा भी पर नहीं मार सका।
शॉप्रिक्स मॉल के बाहर सुबह से ही माहौल जोश से लबरेज था। गौरव पाराशर, डॉ. अंकुर और दीपांशु शर्मा के एक आह्वान पर हजारों का हुजूम उमड़ पड़ा। हाथों में प्रतीकात्मक फरसा और जुबान पर ‘जय परशुराम’ के उद्घोष के साथ जब यह कारवां आगे बढ़ा, तो परतापुर की सड़कें छोटी पड़ गईं। यात्रा के दौरान मुख्य अतिथि रहे ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने भगवान परशुराम का आशीर्वाद लिया और जनता का अभिवादन स्वीकार किया। यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता का एक बड़ा ‘शक्ति प्रदर्शन’ भी साबित हुई। फूलों की बारिश और शंखनाद के बीच यह शोभायात्रा शताब्दी नगर के 4C शिव मंदिर पहुंची, जहाँ महाआरती के साथ इसका समापन हुआ।
खबर सिर्फ हुजूम की ही नहीं, बल्कि प्रशासन की उस ‘अभेद्य किलेबंदी’ की भी है जिसने कानून-व्यवस्था को बनाए रखा। शॉप्रिक्स मॉल से लेकर शताब्दी नगर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रही। परतापुर थाना पुलिस और पीएसी के जवानों ने पूरे रूट को छावनी में तब्दील कर दिया था। खुफिया विभाग और आला अधिकारी खुद ग्राउंड जीरो पर मोर्चा संभाले हुए थे। शोभायात्रा के दौरान जब कुछ उत्साही युवाओं ने फरसा और डंडे लहराकर हुड़दंग करने की कोशिश की, तो ड्यूटी पर तैनात डिप्टी एसपी सुचिता सिंह ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया। उन्होंने तत्काल माइक संभाला और खुलेआम चेतावनी दी ”हुड़दंग करने वालों की लगातार फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की जा रही है। अगर मर्यादा लांघी तो सीधा मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।” महिला पुलिस अधिकारी का यह निडर अंदाज और सख्त लहजे वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस की इस मुस्तैदी के कारण ही आस्था का यह सफर बिना किसी खलल के शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।








