वेतन विसंगति समेत विभिन्न मांगों को लेकर लेखपालों ने दिया धरना
गरौठा। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को लेखपालों ने विभिन्न मांगों को लेकर गरौठा तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। संघ के जिला मंत्री अनुज डेंगरे के नेतृत्व में दर्जनों लेखपालों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। इसके बाद उपजिलाधिकारी सुनील कुमार को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में लेखपालों ने प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड-पे दिए जाने, वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति सहित विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की।
लेखपालों ने बताया कि आंदोलन चार चरणों में चलाया जाएगा। 8 तारीख को ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, 10 तारीख को थाना दिवस में काली पट्टी बांधकर विरोध, 12 तारीख को तहसील एवं जिला मुख्यालय पर रक्तदान शिविर और 14 तारीख को मोटरसाइकिल रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
लेखपालों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा धरने में दर्जनों लेखपाल मौजूद रहे।








