किसान परिवार के प्रशांत कुशवाहा ने बढ़ाया झाँसी का मान, उत्तर प्रदेश की अंडर-14 कबड्डी नेशनल केम्प में बनाई जगह : रिपोर्ट-विनोद साहू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किसान परिवार के प्रशांत कुशवाहा ने बढ़ाया झाँसी का मान, उत्तर प्रदेश की अंडर-14 कबड्डी नेशनल केम्प में बनाई जगह

 

जरबो गाँव से सैफई स्पोर्ट्स हॉस्टल तक पहुँचे प्रशांत, फिजिकल एजुकेशन सोशल वेलफेयर फाउंडेशन में मिला था निःशुल्क प्रशिक्षण

 

बरुआसागर (झाँसी)। मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों के दम पर गाँव की मिट्टी से निकलकर प्रदेश स्तर पर पहचान बनाने वाले प्रशांत कुशवाहा ने झाँसी जनपद का गौरव बढ़ाया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले प्रशांत का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-14 कबड्डी नेशनल केम्प में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गाँव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रशांत, जरबो निवासी किसान हीरालाल कुशवाहा के पुत्र हैं।

 

प्रशांत का कबड्डी सफर बरुआसागर स्थित फिजिकल एजुकेशन सोशल वेलफेयर फाउंडेशन से शुरू हुआ। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन से संबद्ध इस फाउंडेशन में उन्होंने निःशुल्क प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं उनके प्रारंभिक कोच रिंकू परिहार ने उन्हें कबड्डी की बारीकियाँ सिखाईं और खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। नियमित अभ्यास, अनुशासन और सही मार्गदर्शन ने उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

प्रशांत की मेहनत का परिणाम रहा कि कक्षा छह में उनका चयन सैफई स्थित सरकारी स्पोर्ट्स हॉस्टल में हुआ। वर्तमान में वह हॉस्टल के कबड्डी कोच मीतू सिंह चौहान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। बेहतर प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास के बीच उन्होंने अपनी खेल क्षमता को विकसित किया और प्रदेश के केम्प में स्थान बनाने की उपलब्धि हासिल की।

 

गोरखपुर में हुई प्रदेशीय कबड्डी प्रतियोगिता

 

70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन गोरखपुर के पीएम श्री राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर किया गया। प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने गोरखपुर मंडल को 48–22 से हराकर खिताब अपने नाम किया। सैफई की टीम ने 26 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की। तीसरे स्थान के मुकाबले में प्रयागराज मंडल ने अयोध्या मंडल को 13–5 से पराजित किया।सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश स्तरीय राष्ट्रीय केम्प मे चयन किया गया |

 

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास

 

फिजिकल एजुकेशन सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को निःशुल्क खेल प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। प्रशांत की सफलता उन बच्चों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। यह उपलब्धि संदेश देती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संपन्न परिवार की मोहताज नहीं होती। सही दिशा, नियमित अभ्यास और अवसर मिलने पर गाँवों के खिलाड़ी भी प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

 

प्रशांत के परिवार में रचनात्मकता की भी पहचान है। उनके भाई कुशराज लेखक हैं। प्रशांत ने खेल के क्षेत्र में अपनी उपलब्धि से परिवार और गाँव को गौरवान्वित किया है।

 

फाउंडेशन पदाधिकारियों ने दी बधाई

 

प्रशांत की सफलता पर फाउंडेशन के चेयरमैन हैप्पी चावला, संरक्षक डॉ. रोहित पांडे, उपाध्यक्ष उदय कुमार पाण्डेय दिनेश मिश्रा तथा बृजेंद्र यादव, मीनू राजावत, श्वेता राय, शिवानी राय और देवेंद्र कुशवाहा सहित अन्य सदस्यों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। सभी ने प्रशांत के पिता हीरालाल कुशवाहा, प्रारंभिक कोच रिंकू परिहार और सैफई स्पोर्ट्स हॉस्टल के कोच मीतू सिंह चौहान के योगदान की सराहना की।

 

फाउंडेशन उपाध्यक्ष बृजेन्द्र यादव ने उम्मीद जताई कि प्रशांत भविष्य में भी इसी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ेंगे और जरबो गाँव, बरुआसागर, झाँसी तथा उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों से जुड़ने और अपने लक्ष्य के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देगी।

 

रिपोर्टर विनोद साहू

News 30 Express
Author: News 30 Express

Leave a Comment

और पढ़ें