झांसी में संदिग्ध पानी के कारोबार पर FSDA का छापा, 2151 बोतलें सीज… नामचीन ब्रांड से मिलता-जुलता नाम, आखिर किसके भरोसे बिक रहा पानी?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झांसी में संदिग्ध पानी के कारोबार पर FDA का छापा, 2151 बोतलें सीज… नामचीन ब्रांड से मिलता-जुलता नाम, आखिर किसके भरोसे बिक रहा पानी?

झांसी में पानी के नाम पर क्या उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा है? क्या नामचीन कंपनियों से मिलते-जुलते ब्रांड नाम और पैकिंग के सहारे बाजार में पानी का कारोबार किया जा रहा है? सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन यानी FSDA की टीम ने पाली पहाड़ी स्थित श्री बालाजी बेवरेज प्रतिष्ठान पर छापेमारी करते हुए बिजरोली ब्रांड की पानी की 2151 बोतलें सीज कर दी हैं।

अब जरा सोचिए… जिस पानी को आम आदमी शुद्ध और सुरक्षित समझकर खरीदता है, उसकी गुणवत्ता और ब्रांड की प्रमाणिकता को लेकर ही सवाल खड़े होने लगें तो जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर सवाल उठना लाजिमी है।

हालांकि, विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में पानी की बोतलों के नमूने संग्रहित करने और 2151 बोतलें सीज करने की जानकारी दी गई है। लेकिन पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है। ऐसे में पानी को मिलावटी या असुरक्षित घोषित करना जल्दबाजी होगी। मगर सवाल यह जरूर है कि आखिर इस कारोबार की पूरी जांच कब होगी?

दरअसल, जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में पाली पहाड़ी स्थित श्री बालाजी बेवरेज के प्रतिष्ठान पर प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

यहां बिजरोली ब्रांड की पानी की बोतलों के नमूने संग्रहित किए गए और 2151 बोतलों को सीज किया गया।

लेकिन इस कार्रवाई के बाद कई अहम सवाल सामने हैं। क्या संबंधित ब्रांड के पास आवश्यक लाइसेंस और प्रमाणन मौजूद हैं? क्या बोतलों पर अंकित निर्माता का नाम, पता, बैच नंबर और अन्य जरूरी जानकारियां मानकों के अनुरूप हैं? क्या ब्रांड की पहचान और पैकिंग उपभोक्ताओं को किसी स्थापित कंपनी के उत्पाद जैसा भ्रम पैदा कर रही है? इन तमाम बिंदुओं की जांच होना जरूरी है।

सिर्फ बोतलें सीज कर देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती। विभाग को यह भी स्पष्ट करना होगा कि इन बोतलों की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी, बाजार में कितनी बोतलें पहले ही पहुंच चुकी हैं और कारोबार से जुड़े जिम्मेदार लोगों के पास वैध दस्तावेज हैं या नहीं।

.अगर जांच में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई भी होनी चाहिए

 

उधर, FSDA की मोबाइल लैब वैन यूनिवर्सिटी क्षेत्र में पहुंची और खाद्य सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। खाद्य कारोबारियों के यहां डोम-24 उपकरण से खाद्य पदार्थों को तलने में इस्तेमाल होने वाले उबलते तेल की गुणवत्ता की जांच की गई। कारोबारियों को मिलावटी और असुरक्षित तेल का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।

सहायक आयुक्त खाद्य एवं अभिहित अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि खाद्य कारोबारियों के लिए लाइसेंस अथवा पंजीकरण अनिवार्य है। बिना लाइसेंस कारोबार करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।

सवाल सीधा है… जब आम आदमी बाजार से पानी की बोतल खरीदता है तो वह उसकी शुद्धता और ब्रांड पर भरोसा करता है। ऐसे में उस भरोसे की जिम्मेदारी किसकी है?

क्या विभाग सिर्फ छापेमारी और बोतलें सीज करने तक सीमित रहेगा, या फिर पानी के इस कारोबार की सप्लाई चेन से लेकर ब्रांड की प्रमाणिकता तक पूरी पड़ताल होगी?

अब निगाहें जांच रिपोर्ट और विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। क्योंकि पानी कोई लग्जरी नहीं, बल्कि हर इंसान की जरूरत है… और इस जरूरत के नाम पर उपभोक्ताओं के भरोसे से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

 

NEWS30EXPRESS — खबर है तो दिखेगी, खबर छुपाते नहीं, खोजकर भी लाते हैं।

News 30 Express
Author: News 30 Express

Leave a Comment

और पढ़ें