धूमधाम से मनाया गया वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का जन्मोत्सव, नगर में निकली भव्य शोभायात्रा रिपोर्ट मुबीन खान
गरौठा झांसी।नगर स्थित जय हिंद मिशन इंटर कॉलेज में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीरांगना के शौर्य, साहस और बलिदान को जीवंत कर दिया।
जन्मोत्सव के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि कोतवाली प्रभारी रविंद्र मिश्रा एवं शिवनारायण शर्मा रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान पर आधारित नाटक, उनके जीवन पर प्रेरणादायक भाषण, महिलाओं एवं छात्राओं के स्वाभिमान पर कविता तथा राधा-कृष्ण पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
वहीं शाम छह बजे विद्यालय परिसर में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत के सुपुत्र राहुल राजपूत अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष गोविंद नारायण गुप्ता, चिकित्सा प्रभारी विवेक सोनी, डॉ. अमित राय सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रबंधन द्वारा गरौठा नगर में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। इसमें वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की आकर्षक झांकियां, डीजे, घोड़ा-बाजे और विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सहभागिता रही। शोभायात्रा के थाना चौराहे पहुंचने पर उपजिलाधिकारी सुनील कुमार पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष कुमार पांडेय सहित थाना स्टाफ भी इसमें शामिल हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक मित्रेश कुमार सारस्वत, प्रधानाचार्य आशुतोष तिवारी, उपप्रधानाचार्य रतिराम भौंडेले, पंकज नायक सहित समस्त विद्यालय स्टाफ की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। इस कार्यक्रम का सफल संचालन वैभव गिरि के द्वारा किया गया एवं सभी के प्रति विद्यालय के प्रबंधक द्वारा आभार व्यक्त किया गया दैनिक जागरण मीडिया की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम ने नगर में देशभक्ति और वीरांगना लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस का संदेश दिया।








