Edit By – Dhirendra Raikwar
मोंठ थाने में परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन, चौकीदारों को बांटे गए कंबल

झांसी के मोंठ थाना परिसर में अब पति-पत्नी के बीच होने वाले विवादों और पारिवारिक कलह को सुलझाने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्योंकि पुलिस ने पारिवारिक विवादों के निस्तारण की व्यवस्था को अब सर्किल स्तर तक पहुंचाने की पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने थाना मोंठ परिसर में नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र के जरिए पति-पत्नी के बीच विवादों को बातचीत, समझाइश और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर सर्दी के बढ़ते असर को देखते हुए जिलाधिकारी और एसएसपी ने ग्राम चौकीदारों को कंबल वितरित कर उन्हें राहत पहुंचाने की पहल भी की। इस दौरान अधिकारियों ने केंद्र के प्रभावी संचालन और पारिवारिक विवादों के संवेदनशीलता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए।

दरअसल, झांसी जिले में वैवाहिक और पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए जिला मुख्यालय पर पहले से ही परिवार परामर्श केंद्र संचालित है। लेकिन लगातार बढ़ते मामलों और प्रकरणों की संख्या को देखते हुए अब इस व्यवस्था का विकेंद्रीकरण किया जा रहा है। यानी परिवारों के विवाद सुलझाने की सुविधा को जिला मुख्यालय से निकालकर सर्किल स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।

इसी पहल के तहत शनिवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार थाना मोंठ पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित परिवार परामर्श केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को इसके प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।

इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य पति-पत्नी के बीच पैदा होने वाले विवादों को आपसी बातचीत और समझाइश के जरिए सुलझाना है। यहां दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी और मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति बनाकर विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही पारिवारिक तनाव, आपसी मतभेद और अन्य समस्याओं को लेकर भी संबंधित पक्षों को उचित परामर्श एवं पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सबसे अहम बात यह है कि अब मोंठ सर्किल के लोगों को छोटी-छोटी पारिवारिक समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें परामर्श और मध्यस्थता की सुविधा मिल सकेगी। केंद्र का संचालन क्षेत्राधिकारी मोंठ के पर्यवेक्षण में किया जाएगा और मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी जाए। मध्यस्थता की प्रक्रिया में निष्पक्षता और संवेदनशीलता बरती जाए, ताकि विवादों का केवल औपचारिक निस्तारण न हो, बल्कि परिवारों के बीच आपसी समझ और सौहार्द भी कायम हो सके।
वहीं कार्यक्रम के दौरान शीत ऋतु को देखते हुए ग्राम चौकीदारों को कंबल वितरित किए गए। सर्दी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाने वाले ग्राम चौकीदारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह वितरण किया गया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, क्षेत्राधिकारी मोंठ सुनील कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

कुल मिलाकर, मोंठ थाने में परिवार परामर्श केंद्र की शुरुआत पारिवारिक विवादों को स्थानीय स्तर पर सुलझाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अब देखना होगा कि यह केंद्र कितनी प्रभावी तरीके से विवादों का समाधान कर परिवारों में टूटते रिश्तों को बचाने और आपसी सामंजस्य कायम करने में अपनी भूमिका निभाता है।








