फिजिकल एजुकेशन सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से नशा मुक्त भारत विकसित भारत रन2026का हुआ आयोजन
बरुआसागर। फिजिकल एजुकेशन सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को ‘नशा मुक्त भारत–विकसित भारत रन 2026’ का आयोजन किया गया। सुबह 5 बजे परान के मैदान, बस स्टैंड बरुआसागर से शुरू हुई रन में स्कूल, इंटर कॉलेज और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ युवा, खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और दिव्यांग युवा खिलाड़ियों ने भी उत्साह से सहभागिता की।
दिव्यांग खिलाड़ियों का दिखा जज्बा: शारीरिक चुनौतियों के बावजूद दिव्यांग युवा खिलाड़ियों ने अपने स्कूटर से रन में हिस्सा लिया। याकूब खान सहित अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों ने नशामुक्त भारत का संदेश देते हुए लोगों का उत्साह बढ़ाया। उनका जज्बा कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहा।
गुल्लौर तक पहुंची रन: मुख्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रन को रवाना किया। 1, 2 और 3 किलोमीटर की रन परान के मैदान से शुरू होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास से मुख्य बस स्टैंड रोड होते हुए गुल्लौर तक पहुंची। इसके बाद प्रतिभागी वापस परान के मैदान पहुंचे, जहां रन का समापन हुआ।
नशे को ना, जिंदगी को हां का दिया संदेश: प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत’, ‘स्वस्थ युवा, समर्थ भारत’ और ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ जैसे नारों के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाकर खेल, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना रहा।
रन के साथ निबंध, कला और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं और रन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में एमएलसी रमा निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह यादव, सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जिला मंत्री मीनू राजावत, नगरपालिका अध्यक्ष सुशीला कुशवाहा, बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह गौड़, क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, आरपी निरंजन, हैप्पी चावला, सुशील कुशवाहा, अशोक अग्रवाल, महेश परिहार, देवेंद्र कुशवाहा, गज्जू स्वामी, सपना गुंजन, श्वेता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा: कार्यक्रम की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बरुआसागर थाना प्रभारी प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने संभाली। रन के रूट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। कार्यक्रम का संचालन फिजिकल एजुकेशन सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने किया। आयोजन के अंत में युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की गई।
रिपोर्टर विनोद साहू








