रायबरेली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां न्याय की गुहार लेकर पहुंची एक विधवा महिला ने एसपी कार्यालय में हाई वोल्टेज ड्रामा कर दिया। महिला का आरोप है कि उसके देवर सचिन ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से इनकार कर दूसरी जगह विवाह करने जा रहा है।
पीड़िता के मुताबिक, करीब पांच वर्ष पहले उसके पति की मौत हो चुकी है, जिसके बाद से ही आरोपी देवर उसके साथ संबंध बना रहा था। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके जेवरात और अन्य सामान पर भी कब्जा कर लिया है।
अपनी मासूम बेटी और बुजुर्ग मां के साथ एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि शिकायत के बावजूद उसे कोई मदद नहीं मिली, जिससे आहत होकर उसने धरने पर बैठकर हंगामा किया।
महिला अब प्रशासन से आरोपी की शादी रुकवाने और उसे न्याय दिलाने की मांग कर रही है। यह पूरा मामला डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सुरसना भरसना गांव का बताया जा रहा है, जहां का निवासी आरोपी देवर है।









