मैनपुरी में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, तीन गंभीर
मैनपुरी। जनपद के किशनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां बेवर-कुसमरा मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किशनी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक कुसमरा क्षेत्र के गांव गिरधरपुर सकरा निवासी अंशुल (22) पुत्र धीरेश अपने साथी प्रदीप (27) पुत्र बादशाह के साथ बेवर की ओर से कुसमरा आ रहा था। वहीं दूसरी ओर टोडरपुर निवासी अजीत (53) पुत्र भारत अवस्थी अपने साथी फिल्मी (55)पुत्र साहब सिंह के साथ कुसमरा से अपने गांव जा रहा था। जैसे ही दोनों बाइक एचपी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचीं, तभी आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में अजीत कुमार अवस्थी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंशुल, प्रदीप और फिल्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की सबसे मार्मिक बात यह रही कि घायल अंशुल की बहन की मंगलवार को ही विदाई थी। बहन को विदा करने के बाद वह किसी काम से कुसमरा जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक और घायलों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।
jin88z1.uk.com Jin88: Nền Tảng Giải Trí Uy Tín Và Đẳng Cấp Hàng Đầu 2026








