सेवार्थ जनकल्याण समिति ने गौरपुरा विद्यालय में आयोजित की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, 60 बच्चों ने लिया हिस्सा
गरौठा झांसी।शिक्षा किसी भी राष्ट्र की समृद्धि एवं सशक्तिकरण में निर्णायक भूमिका का निर्वहन करती है। शिक्षा के माध्यम से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। यह बात सेवार्थ जनकल्याण समिति के उपाध्यक्ष मेजर मनोज पांडे ने झांसी जिले की गरौठा तहसील स्थित शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गौरपुरा में आयोजित शैक्षणिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में कही।
सेवार्थ जनकल्याण समिति की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 60 बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में इतिहास, भूगोल, गणित, विज्ञान, हिंदी एवं खेल सहित विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं शैक्षणिक ज्ञान का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी आर.बी. पटेरिया ने की। प्रतियोगिता में विद्यालयों के बच्चों को अलग-अलग समूहों में शामिल किया गया। प्रत्येक समूह में 10 बच्चे प्रतिभागी के रूप में सम्मिलित रहे।
प्रतियोगिता में शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ढिवकई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खड़ौरा द्वितीय तथा शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गौरपुरा तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को शैक्षणिक सामग्री, भारत का मानचित्र, रजिस्टर, पेन एवं विजेता ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना तथा कक्षा 9 एवं 10 में प्रवेश के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है, जिससे बच्चे आगे की पढ़ाई के लिए अभी से मानसिक एवं शैक्षणिक रूप से तैयार हो सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामपाल यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र यादव, मोहित जोशी, क्षेत्रीय पत्रकार बंधु, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।








