बरुआसागर में 19 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा महारानी लक्ष्मीबाई जन्मोत्सव, निकलेगी भव्य शोभायात्रा
बरुआसागर (झांसी) नगर में आगामी 19 नवंबर को वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः 8:30 बजे लक्ष्मी व्यायाम मंदिर से महारानी लक्ष्मीबाई की भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए निकाली जाएगी, जिसका समापन पुनः लक्ष्मी व्यायाम मंदिर परिसर में होगा। शोभायात्रा में महारानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप में सजी बालिकाएं, भव्य झांकियां, दुर्गा वाहिनी की सदस्याएं एवं सैकड़ों की संख्या में नगरवासी शामिल होंगे।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शाम को लक्ष्मी व्यायाम मंदिर परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य, साहस एवं राष्ट्रभक्ति को याद किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने समस्त नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मिलित होकर जन्मोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की अपील की। साथ ही नगरवासियों से विशेष आग्रह किया कि शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से पुष्पवर्षा कर वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन करने की कृपा करें।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में प्रबंधन समिति के संस्थाध्यक्ष डॉ. महादेव बाजपेई, अध्यक्ष चौधरी अशोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष उदय शंकर पांडेय, मंत्री रवि प्रकाश शर्मा, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश कनिगो, पर्यवेक्षक हरिशंकर गुप्ता एवं मोहनलाल चौरसिया, संगठन मंत्री उमाशंकर पांडेय, सदस्य सीताराम यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर विनोद साहू








