मेरठ: सुभाष बाजार में भीषण अग्निकांड, इनवर्टर की दुकान में धमाकों के साथ भड़की आग; लाखों का सामान खाक
मेरठ। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सुभाष बाजार में सोमवार तड़के आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते तीन दुकानें और एक घर इसकी चपेट में आ गए। इनवर्टर-बैटरी की दुकान में लगी आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 20 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

धमाकों से दहला इलाका,इलेक्ट्रिक स्कूटी भी खाक
जानकारी के अनुसार, सुभाष बाजार स्थित ‘प्रिंस इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम की इनवर्टर-बैटरी की दुकान में सुबह करीब 4 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। दुकान के मालिक मोहसिन आलम हैं उन्होंने बताया कि आग लगने से लगभग 20 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ हैं। देखते ही देखते दुकान के अंदर रखी बैटरियां एक के बाद एक धमाकों के साथ फटने लगीं, जिससे पूरा इलाका दहल गया। दुकान के अंदर खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जलकर पूरी तरह राख हो गई।

पड़ोसी दुकानों और घर तक पहुँची लपटें..
आग इतनी भीषण थी कि इसने पड़ोस की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। मेरठ फैशन हाउस दुकान मालिक आबिद कलीम ने बताया कि उनकी कपड़े की दुकान में रखा सारा सामान और थान जलकर राख हो गए हैं। मेरठ खादी भंडार में आग दुकान के अंदर तो नहीं पहुँची, लेकिन बाहर लगा बोर्ड जलकर स्वाहा हो गया। दुकान की पहली मंजिल पर स्थित घर में भी आग की लपटें पहुँच गईं, जिससे सीलिंग और घर का जरूरी सामान जल गया। गर्मी के कारण दुकान के शीशे भी चकनाचूर हो गए।
दमकल विभाग पर देरी का आरोप…
स्थानीय लोगों और दुकानदारों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ियां करीब 1 घंटा देरी से पहुँचीं। अगर गाड़ियां समय पर आ जातीं, तो नुकसान कम हो सकता था। हालांकि, बाद में दमकल की 3 गाड़ियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

थाना कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि “प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुँचकर आग बुझा दी है। राहत की बात यह है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। नुकसान के आकलन और आग के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।”









