अमरोहा में नए जिलाधिकारी नितिन गौड़ का आगमन, संभाला कार्यभार — सख्त तेवर में दिखे, माफियाओं को दी कड़ी चेतावनी..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमरोहा में नए जिलाधिकारी नितिन गौड़ का आगमन, संभाला कार्यभार — सख्त तेवर में दिखे, माफियाओं को दी कड़ी चेतावनी

अमरोहा। जनपद अमरोहा को आज एक नई प्रशासनिक दिशा मिली, जब नवांगतुक जिलाधिकारी नितिन गौड़ ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट संकेत दे दिए कि जनपद में कानून व्यवस्था, पारदर्शिता और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी नितिन गौड़ ने अपने इरादों को साफ शब्दों में व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों, भ्रष्टाचार और माफियाओं को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि “जो भी व्यक्ति कानून को हाथ में लेने की कोशिश करेगा या अवैध कार्यों में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि जन शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नितिन गौड़ ने विकास कार्यों की गति तेज करने पर जोर देते हुए कहा कि अधूरे पड़े प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी का सख्त और स्पष्ट रुख देखने को मिला, जिससे यह साफ हो गया कि अमरोहा में अब प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में रहेगा। आम जनता को भी नए जिलाधिकारी से काफी उम्मीदें हैं कि उनके नेतृत्व में जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत होगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

 

News 30 Express
Author: News 30 Express

Leave a Comment

और पढ़ें