न्यायालय के आदेश पर 40 लाख रूपये की जेसीबी से रौंदी गई अवैध और देसी शराब….
इटावा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर थाना बसरेहर में दर्ज तीन मुकदमों से जुड़ी करीब 14,132 लीटर अवैध और देशी शराब को जेसीबी मशीन से नष्ट कराया गया। इस शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। पूरी कार्रवाई अधिकारियों की मौजूदगी में कराई गई और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।
अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान…
जनपद में अवैध शराब और अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र की देखरेख में बसरेहर पुलिस ने यह कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए शराब को नियम के अनुसार नष्ट किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई…..
यह पूरी प्रक्रिया उपजिलाधिकारी न्यायिक रोहित कुमार और सहायक अभियोजन अधिकारी अजेय यादव की निगरानी में पूरी हुई। मौके पर पुलिस, अभियोजन और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। पहले शराब के नमूने सुरक्षित रखे गए, फिर बाकी शराब को जेसीबी मशीन से नष्ट किया गया। पारदर्शिता के लिए पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटो भी ली गई।
तीन मुकदमों की शराब की गई खत्म….
पुलिस के मुताबिक नष्ट की गई शराब तीन अलग अलग मामलों से बरामद हुई थी। कुल मात्रा करीब 14,132 लीटर रही। इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब को नष्ट करना पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
लोगों से सहयोग की अपील……
पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि अगर कहीं अवैध शराब बनती या बिकती दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। इस दौरान थाना प्रभारी सौरभ सिंह और उनकी टीम भी मौजूद रही।








