वृहद गौ संरक्षण केंद्र गुढ़ा में उप जिलाधिकारी ने किया गौ पूजन, गौ सेवकों को किया सम्मानित : रिपोर्ट-मुबीन खान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वृहद गौ संरक्षण केंद्र गुढ़ा में उप जिलाधिकारी ने किया गौ पूजन, गौ सेवकों को किया सम्मानित

 

गरोठा झांसी।गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर ब्लॉक गुरसरांय की ग्राम पंचायत गुढ़ा में संचालित वृहद गौ संरक्षण केंद्र में श्रद्धा, आस्था और सेवा भाव के साथ गौ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी गरौठा सुनील कुमार ने विधि-विधान से गौ पूजन कर संरक्षित गौवंशों को केला एवं गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की। इस दौरान पूरे गौशाला परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ गौ पूजन कराकर किया गया। उप जिलाधिकारी सुनील कुमार ने गौमाता का तिलक एवं पूजन कर समाज में गौ सेवा और संरक्षण के महत्व का संदेश दिया। वहीं थाना प्रभारी लहचूरा सत्यप्रकाश शर्मा ने भी गौवंशों को तिलक लगाकर पूड़ी एवं गुड़ खिलाया और गौ सेवा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कमलेश लम्बरदार ने गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गाय की सेवा करने वाला व्यक्ति कभी दुखी नहीं रह सकता। गौमाता की सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ सेवा एवं संरक्षण के कार्यों में सहयोग करना चाहिए।

वृहद गौ संरक्षण केंद्र में संरक्षित गौवंशों की समुचित देखभाल, उनके स्वास्थ्य, साफ-सफाई एवं गौशाला संचालन की बेहतर व्यवस्थाओं को देखकर उप जिलाधिकारी सुनील कुमार ने ग्राम प्रधान प्रशासक चन्द्रभानसिंह परमार की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौशाला का सुव्यवस्थित संचालन अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक है।

उन्होंने गौवंशों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल एवं गौशाला परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए गौ सेवक वीरेंद्र सिंह, इन्दपाल सिंह, पंकज एवं छोटू को दीवाल घड़ी तथा नगद राशि देकर पुरस्कृत किया। इस सम्मान से गौ सेवकों में उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।

कार्यक्रम में खड़ौरा प्रधान मनोज यादव, सहपुरा प्रधान प्रतिनिधि नीतेश कुमार, अयोध्या प्रसाद त्रिपाठी, भगवत चतुर्वेदी, सुरेन्द्र कुमार शास्त्री, लक्ष्मी प्रसाद तिवारी, सुमित पाठक, नरेन्द्र चतुर्वेदी, लाखन सिंह, राधाचरण नामदेव, शिवकुमार गुप्ता, राजेश यादव, पिंटू यादव, हाकिम प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

News 30 Express
Author: News 30 Express

Leave a Comment

और पढ़ें