काली पट्टी बाँधकर NHM संविदा कर्मियों ने दर्ज कराया सांकेतिक विरोध रिपोर्ट मुबीन खान
बामौर झाँसी। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर जनपद झाँसी के सामुदायिक स्व केंद्र बामौर के समस्त NHM संविदा कर्मियों द्वारा आज अपने-अपने कार्यस्थल पर काली पट्टी बाँधकर शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया।
संघ के जिलाध्यक्ष शैलेश यादव ने कहा कि NHM संविदा कर्मचारी वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं न्यायोचित मांगों का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है। काली पट्टी बाँधकर किया गया यह विरोध कर्मचारियों की पीड़ा, आक्रोश और एकजुटता का शांतिपूर्ण प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि संघ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को शासन एवं विभाग के समक्ष रख रहा है। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशानुसार चरणबद्ध आंदोलन को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं संघ के जिला महामंत्री डॉ. के. एल. पाल ने कहा कि NHM संविदा कर्मियों ने सदैव स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाया है। विपरीत परिस्थितियों में भी कर्मचारियों ने जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई है। ऐसे में कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज की काली पट्टी केवल विरोध का प्रतीक नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन तक यह संदेश है कि NHM संविदा कर्मचारी अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित एवं एकजुट हैं। संगठन पूरी मजबूती के साथ प्रत्येक संविदा कर्मचारी के हितों और सम्मान के लिए संघर्ष करता रहेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने जनपद के समस्त NHM संविदा कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। सभी साथी आगामी चरणबद्ध आंदोलन में अनुशासन एवं पूर्ण एकता के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।इस मौके पर डॉ सौरभ, डॉ धर्मेश, अरुण कुमार, सुनीता कुमारी, रविन्द्र कुमार, जीतेन्द्र कुमार, प्रदीप,अर्चना, पुष्पा पाल, शिवम, श्वेता सिंह, सरिता सिंह, अभिषेक, रामकृष्ण, अमित राय, मुनीर खान,सीमा देवी, नीलम सेंगर, कल्पना, अर्चना सेंगर, विनीता, सुरुचि श्रीवास्तव, प्रीती देवी, राधा सिंह, रेखा देवी, सर्वेश पटेल, विनीता देवी, रत्ना, सीमा देवी आदि NHM कर्मचारी मौजूद रहे!
“एक आवाज, एक संकल्प, एक संघर्ष — NHM संविदा कर्मियों के सम्मान और अधिकार के लिए।








