प्रेम प्रसंग या रंजिश में हत्या? | खेत में मिला युवक का शव
यूपी के श्रावस्ती में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत ने सनसनी फैला दी है। मक्के के खेत में लहूलुहान हालत में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। अब इस पूरे मामले में प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है। भिनगा थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव की ये घटना कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
मामला अकबरपुर गांव का है, जहां युवक घर से ट्रैक्टर लेकर खेत जुताई करने निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका लहूलुहान शरीर मक्के के खेत में मिला। मृतक की पहचान विजय वर्मा के रूप में हुई है। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं—पैर जख्मी, चेहरा और गले पर भी हमले के साफ निशान दिख रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई है। बताया जा रहा है कि गांव की एक युवती से प्रेम संबंध को लेकर पहले भी मृतक को धमकियां मिल चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के बड़े भाई के मुताबिक, पहले भी युवती के परिजनों ने धमकी दी थी, और अब संदिग्ध हालात में खेत में घायल अवस्था में विजय वर्मा का मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है… और पूरे मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार है।








