यूपी के जनपद हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर में संदिग्ध परिस्थितयों में विवाहिता की मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दअरसल गौतमबुद्ध नगर के गांव बम्वाबड निवासी अमर सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि चार मई 2023 को उन्होंने अपनी पुत्री तनु की शादी नारायणपुर बास्का निवासी राहुल पुत्र सतपाल के साथ की थी। लेकिन शादी के बाद से ही उसके ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर बेटी का उत्पीड़न कर रहे थे। 13 अगस्त 2024 को तनु ने बेटी को जन्म दिया, इसके बाद से ओर ज्यादा परेशान करने लगे। पिछले कुछ दिनों से ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये नकद और एक कार की डिमांड कर रहे थे। आरोप है कि 24 अगस्त 2025 को पति, जेठ, जिठानी, सास ने गला दबाकर तनु की हत्या कर दी।फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। थाना कपूरपुर पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।









