पत्रकार के खिलाफ दर्ज मुकदमे पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग, नेशनल पत्रकार एसोसिएशन ने डीआईजी के नाम सौंपा ज्ञापन…
बरुआसागर (झांसी) भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा वरिष्ठ पत्रकार नीरज राय सहित अन्य मीडिया कर्मियों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे को लेकर पत्रकारों में रोष व्याप्त है। गुरुवार को नेशनल पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीआईजी झांसी परिक्षेत्र के नाम संबोधित ज्ञापन ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार को सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि थाना बरुआसागर में दर्ज एफआईआर संख्या 0131, दिनांक 16 जून 2026 में वरिष्ठ पत्रकार नीरज राय पर लगाए गए आरोप असत्य, मनगढ़ंत और निराधार हैं। संगठन का कहना है कि नीरज राय लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं और उनकी पहचान एक निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकार के रूप में रही है। ऐसे में उन्हें इस मामले में शामिल किया जाना उत्पीड़न की कार्रवाई प्रतीत होती है।
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि मामले में अन्य मीडिया कर्मियों को भी अज्ञात के रूप में शामिल कर दबाव बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने मांग की कि मुकदमे की निष्पक्ष जांच के साथ-साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो एवं वीडियो की भी तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।
नेशनल पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन जैन के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकारों के विरुद्ध फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने की घटनाएं लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कमजोर करने का प्रयास हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच नहीं कराई गई तो संगठन प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संगठन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर न्यायोचित कार्रवाई किए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में पवन जैन, आनंद मोदी, अतर सिंह परिहार मनोज राय, फिरोज अली, अनूप साहू सहित अन्य पत्रकार एवं मीडिया कर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्टर विनोद साहू









