प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ अव्यवस्थाओं को उजागर करने वाला वीडियो : रिपोर्ट-मुबीन खान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ अव्यवस्थाओं को उजागर करने वाला वीडियो

झाँसी जनपद की गरौठा तहसील क्षेत्र के ग्राम मड़ैयन भगवंतपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय में व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं को उजागर करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर चर्चा तेज हो गई है।

मामले को लेकर ग्रामीण गोविन्ददास अहिरवार ने 18 नवंबर 2026 को उपजिलाधिकारी गरौठा को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार कराए जाने की मांग की है।

शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में तीन शिक्षक एवं तीन शिक्षामित्र तैनात होने के बावजूद व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं हैं। विद्यालय परिसर में गोबर के कंडे रखे होने, हैंडपंप खराब होने तथा पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही गई है।

इसके अलावा मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार भोजन तैयार न किए जाने को लेकर भी शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने विद्यालय की साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी सवाल उठाए हैं।

ग्रामीण का आरोप है कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर जिम्मेदार लोगों से शिकायत करने के बावजूद कोई संतोषजनक समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि विद्यालय में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन मौजूदा स्थिति चिंताजनक है।

इसी को लेकर सोशल मीडिया पर विद्यालय की समस्याओं को उजागर करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

 

शिकायतकर्ता गोविन्ददास अहिरवार ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि विद्यालय की व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए। खराब हैंडपंप को ठीक कराया जाए, पेयजल एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मिड-डे मील शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार बनवाया जाए।

 

अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो और ग्रामीण की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए क्या कदम उठाते हैं। आइये अब हम आपको विद्यालय का पूरा वायरल वीडियो दिखाते हैँ!

News 30 Express
Author: News 30 Express

Leave a Comment

और पढ़ें