सीएम मॉडल स्कूल को लेकर गरौठा में फिर जगी उम्मीद, वीरपुरा में भूमि चिन्हित रिपोर्ट मुबीन खान
मोंठ में विद्यालय जाने की आशंका से क्षेत्र वासियोनाराजगी है
गरौठा झांसी। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की स्थापना को लेकर गरौठा क्षेत्र में चल रही उहापोह के बीच ग्राम पंचायत वीरपुरा में विद्यालय निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है। गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने मौके पर पहुंचकर राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में भूमि का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि पूर्व में विद्यालय निर्माण के लिए लखेरी नदी के उस पार गरौठा में भूमि का प्रस्ताव रखा गया था। लेकिन वहां निर्माण की लागत अधिक आने का हवाला देते हुए मोंठ क्षेत्र में भूमि चिन्हित कर दी गई थी। इस फैसले के बाद गरौठा क्षेत्र के लोगों में नाराजगी के साथ-साथ कई तरह के सवाल उठने लगे थे। लोगों को आशंका थी कि कहीं गरौठा के हिस्से में आने वाला शिक्षा का यह महत्वपूर्ण संस्थान भी मोंठ तहसील की ओर न चला जाए।
इसी क्रम में विधायक जवाहरलाल राजपूत ने वीरपुरा पहुंचकर गरौठा के राजस्व कर्मचारियों को मौके पर बुलाया। यहां भूमि संख्या 301, रकबा 3.505 हेक्टेयर तथा भूमि संख्या 299, रकबा 1.430 हेक्टेयर का निरीक्षण किया गया। इन दोनों भूखंडों को मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए चिन्हित किया गया है।
हालांकि भूमि चिन्हित होने के बाद भी गरौठा क्षेत्र की जनता के मन में संशय बना हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गरौठा तहसील लंबे समय से विकास की दौड़ में पिछड़ती नजर आ रही है। क्षेत्र में जनप्रतिनिधित्व और विकास कार्यों को लेकर उठते सवालों के बीच अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण वास्तव में गरौठा क्षेत्र में ही होगा या एक बार फिर यह महत्वपूर्ण विद्यालय मोंठ की ओर चली जाएग।
अब सवाल सिर्फ जमीन चिन्हित होने का नहीं, बल्कि गरौठा क्षेत्र के बच्चों के भविष्य और शिक्षा के बड़े अवसर को बचाए रखने का है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस बार गरौठा के हिस्से से शिक्षा का यह महत्वपूर्ण केंद्र नहीं छिनेगा।
इस दौरान ग्राम प्रधान वीरपुरा नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, पूर्व प्रधान हरप्रसाद पटेल, गोविंद नारायण गुप्ता, लेखपाल राज गुप्ता, सुमित पाठक, नारायणदास पटेल, हृदेश पटेल, ओमप्रकाश वाल्मीकि, कृष्णा मुरारी पटेल, प्रवीण ठेकेदार, रामराजा पटेल, महेश नापित, प्रभात पटवा, राजेंद्र प्रसाद पटेल सहित पत्रकार रामपाल यदुवंशी, बालादीन राठौर, शशिकांत तिवारी, राजेंद्र बुंदेला एवं ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।








