निकाह के 7 माह बाद संदिग्ध मौत, 12 दिन बाद कब्र से निकाला गया गुलफ्शा का शव….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

मेरठ सरधना: निकाह के 7 माह बाद संदिग्ध मौत, 12 दिन बाद कब्र से निकाला गया गुलफ्शा का शव

​दहेज हत्या के गंभीर आरोप: मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर निकाला गया शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत के राज

मेरठ–उत्तर प्रदेश के मेरठ के सरधना तहसील में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने अब तूल पकड़ लिया है। करीब 12 दिन पहले सुपुर्द-ए-खाक की गई गुलफ्शा के शव को पुलिस और प्रशासन ने जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार को कब्र से बाहर निकाला। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और जिस्ट्रेट की निगरानी में विधिक कार्रवाई पूरी की गई।

​मामला मोहल्ला किला खेवान का है। गांव बिनोली के रहने वाले नवाबुद्दीन ने अपनी बेटी गुलफ्शा की शादी करीब सात महीने पहले सरधना में की थी। परिजनों का आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे 31 मार्च 2026 को गुलफ्शा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।

​शुरुआत में मामला दब गया था, लेकिन मायके पक्ष की तहरीर और दहेज हत्या के आरोपों के बाद प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी (CO) आशुतोष कुमार की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाला गया।

सरधना सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि ​”शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

​12 दिन बाद शव को कब्र से निकाले जाने की खबर से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जो इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में सबसे अहम कड़ी साबित होगी।

News 30 Express
Author: News 30 Express

Leave a Comment

और पढ़ें