गांव के बीच शराब ठेके पर महिलाओं का लाठी डंडे लेकर धावा, लाखों की शराब रौंदी गई पैरो तलें…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गांव के बीच शराब ठेके पर महिलाओं का लाठी डंडे लेकर धावा, लाखों की शराब रौंदी गई पैरो तलें

 

इटावा जिले के भरथना क्षेत्र के ग्राम समसपुर में गांव के बीच और स्कूल के पास संचालित देसी शराब, बियर के कंपोजिट के ठेके को लेकर बुधवार दोपहर बड़ा हंगामा हो गया। एक दिन पहले हुई मारपीट की घटना से नाराज ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा अचानक फूट पड़ा। सैकड़ों महिलाएं ठेके पर पहुंचीं, जमकर हंगामा किया, शराब की बोतलें और पेटियां बाहर फेंक दीं और ठेका गांव से बाहर हटाने की जोरदार मांग उठाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात को संभाला।

मारपीट की घटना बनी गुस्से की वजह

गांव निवासी गयादीन, जो गर्मियों में बर्फ के गोले बेचकर परिवार चलाते हैं, ने आरोप लगाया कि मंगलवार को वह बच्चों को गोले बेच रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चों ने इस्तेमाल किए गए डिस्पोजल गिलास ठेके के पास नाली में डाल दिए। इस छोटी सी बात पर ठेके के कर्मचारियों ने गयादीन के साथ मारपीट कर दी और उन्हें गिलास उठाने के लिए कहा। इस घटना की शिकायत रात में थाने में की गई, जिसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया।

महिलाओं ने ठेके पर किया सीधा हमला

बुधवार सुबह होते ही गांव की महिलाएं एकजुट हो गईं और सीधे शराब के ठेके पर पहुंच गईं। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया। महिलाओं ने ठेके में घुसकर शराब की बोतलें और पेटियां बाहर फेंक दीं, कर्मचारियों से धक्का मुक्की की और ठेके में तोड़फोड़ भी की। पूरे घटनाक्रम के दौरान भारी अफरा तफरी का माहौल बना रहा और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

बच्चों और परिवार पर असर को लेकर नाराजगी

प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना था कि गांव के बीच और स्कूल के पास शराब का ठेका होना सबसे बड़ी समस्या है। इससे बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है और गांव का माहौल बिगड़ रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई पुरुष शराब पीकर घर आते हैं और परिवार में झगड़ा करते हैं, जिससे घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि अब किसी भी हालत में ठेका गांव के अंदर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ग्राम प्रधान ने भी प्रशासन को घेरा

ग्राम प्रधान कृपाशंकर ने भी इस पूरे मामले में ठेके के स्थान को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ठेका आबादी के बीच स्थित है और स्कूल भी करीब 200 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में बच्चों के भविष्य पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत ठेका हटाने की मांग करते हुए कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध और तेज होगा

ठेका संचालक ने बताया भारी नुकसान

वहीं दूसरी ओर ठेका संचालक ज्ञानेंद्र सिंह, निवासी ग्राम खेड़ापति थाना इकदिल, ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान महिलाओं और कुछ पुरुषों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए और स्टॉक में रखे 3009 देसी शराब के पव्वे बाहर फेंक दिए गए, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई गई। इसके अलावा इनवर्टर, कनवर्टर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच के बाद कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। काफी समझाने के बाद महिलाओं को शांत कराया गया। आबकारी निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है.

News 30 Express
Author: News 30 Express

Leave a Comment

और पढ़ें