39.50 लाख रुपये कैश जब्त: बाइक सवार दो युवक नहीं दे सके संतोषजनक जवाब…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

फिरोजाबाद में 39.50 लाख रुपये कैश जब्त: बाइक सवार दो युवक नहीं दे सके संतोषजनक जवाब

फिरोजाबाद में सघन चेकिंग के दौरान थाना उत्तर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों से 39 लाख 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। जलेसर रोड पर हुई इस कार्रवाई में युवकों द्वारा नकदी का संतोषजनक स्रोत न बता पाने के बाद आयकर विभाग ने पूरी रकम को संदिग्ध मानते हुए सीज कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में थाना उत्तर पुलिस टीम जलेसर रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान, बाइक पर आ रहे दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और वापस मुड़ने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम को संदेह हुआ और उन्हें रोककर पूछताछ की गई।

तलाशी लेने पर युवकों के पास रखे एक कपड़े के बैग से 500-500 रुपये के नोटों की 79 गड्डियां मिलीं, जिनकी कुल कीमत 39 लाख 50 हजार रुपये थी। पकड़े गए युवकों की पहचान फरमान पुत्र सिराजुद्दीन और सकील पुत्र मोहम्मद अलवार, निवासी मोहल्ला अग्रेयान, थाना जलेसर, जनपद एटा के रूप में हुई। फरमान बाइक चला रहा था, जबकि सकील नकदी से भरा बैग लेकर पीछे बैठा था।

पुलिस द्वारा नकदी के स्रोत, उपयोग और परिवहन के संबंध में पूछे गए सवालों का दोनों युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए, अपर निदेशक आयकर (जांच) विभाग, संजय प्लेस, आगरा को सूचित किया गया। आयकर अधिकारी संजीव कुमार ने थाने पहुंचकर युवकों से पूछताछ की, जिसके बाद प्रारंभिक जांच में धनराशि संदिग्ध पाए जाने पर आयकर विभाग ने उसे सीज कर लिया।

पुलिस ने बरामद नकदी के साथ बाइक संख्या यूपी 80 एफएफ 1233 सीडी डीलक्स को भी कब्जे में ले लिया है। फिलहाल, आयकर विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से इस धनराशि के स्रोत, लेनदेन और संभावित अवैध गतिविधियों के संबंध में आगे की जांच कर रहे हैं।

News 30 Express
Author: News 30 Express

Leave a Comment

और पढ़ें