भाजपा के तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शिविर का हुआ शुभारंभ। रिपोर्ट: पुष्पराज कश्यप

Share:

Facebook
Twitter
WhatsApp
Email
Telegram
LinkedIn

भाजपा के तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शिविर का हुआ शुभारंभ

पहले दिन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित आधा दर्जन मंत्री रहे शामिल

प्रदेश सरकार के 19 मंत्री और प्रदेश भाजपा के 2 सौ पदाधिकारी चित्रकूट में 3 दिन तक मंथन शुरू

सीएम योगी आदित्यनाथ भी प्रशिक्षण वर्ग में करेंगे शिरकत

रिपोर्ट: पुष्पराज कश्यप चित्रकूट

चित्रकूट : मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के होटल बिन्दीराम में शुक्रवार को भाजपा के तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शिविर का शुभारंभ हुआ। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, उप्र के प्रभारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर शुभारंभ किया।इसके साथ ही प्रशिक्षण वर्ग के सत्र की शुरुआत हुई। प्रशिक्षण वर्ग में केन्द्र व यूपी सरकार के कई मंत्री शामिल हुए हैं।

 तीर्थ क्षेत्र चित्रकूट में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शिविर को लेकर संगठन महामंत्री सुनील बंसल और क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह के निर्देशन में पार्टी पदाधिकारियों ने सारी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थी। कार्यक्रम स्थल बिंदीराम होटल में निर्धारित समय 11 बजे से पूर्व ही प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने वाले पदाधिकारी व मंत्री पहुंच गए। पंजीकरण के लिए तीन काउंटर प्रांत वार लगाए गए थे। जिनमें सभी ने अपना पंजीकरण कराया । भारत माता व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया।

इसके बाद सत्रों की शुरुआत करते हुए पदाधिकारियों ने निर्धारित विषयों पर चर्चाएं की। पहले दिन भाजपा की कर्मपद्धति, वैचारिक अभिष्ठान, भाजपा का इतिहास और विकास, सरकार की उपलब्धियां आदि विषयों पर चिंतन-मंथन किया जायेगा।

आधा दर्जन से ज्यादा मंत्री रहे शामिल

प्रशिक्षण वर्ग में पहले दिन शामिल होने के लिए केन्द्रीय मंत्री एसपी बघेल, प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर,पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, नगर विकास मंत्री एके शर्मा आदि लोग शामिल हुए। इनके अलावा भाजपा के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी प्रशिक्षण वर्ग में शामिल है।

सूची के अलावा नहीं मिला किसी को प्रवेश

प्रशिक्षण वर्ग में केवल उन लोगों को ही अंदर प्रवेश दिया गया है, जिनका नाम सूची में शामिल हैं। इनके अलावा व्यवस्थाओं में लगे स्थानीय पदाधिकारी प्रशिक्षण हॉल के बाहर तक ही अपनी जिम्मेदारी निभा रहे है। होटल में शुभारंभ के बाद अपेक्षित लोगों के अलावा सभी को बाहर कर दिया गया। होटल के बाहर सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपी अतुल शर्मा, एएसपी शैलेन्द्र राय, सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय भारी पुलिस बल के साथ डटे हैं। जबकि होटल के अंदर जाने वाले प्रत्येक सामग्री की गहन चेकिंग की जा रही है।

 

रिपोर्ट: पुष्पराज कश्यप चित्रकूट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!